यूपी MLC चुनाव: समाजवादी पार्टी ने घोषित किए 5 प्रत्याशी, लखनऊ से कांति सिंह करेंगी दमदार मुकाबला!

लखनऊ: अगले साल के आखिरी तिमाही में विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन कोटे की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सपा ने अभी से चेहरे तय करने शुरू कर दिए है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने लखनऊ सहित पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। लखनऊ स्नातक सीट से सपा ने कांति सिंह को चेहरा बनाया है।

उत्तर प्रदेश में इस समय एमएलसी की 11 सीटों पर वोटर लिस्ट के रिवीजन का काम चल रहा है। सभी दलों के संभावित प्रत्याशी और दावेदार अपने समर्थकों को वोटर बनाने और जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। सपा ने तैयारी का वक्त देने के लिए अभी से प्रत्याशी घोषित करना शुरू कर दिया है। लखनऊ सीट पर पार्टी ने चेहरा बदला है। पिछले चुनाव में यहां राम सिंह राणा को टिकट दिया था। इस बार प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह की पत्नी कांति सिंह को टिकट मिला है। यहां से एमएलसी रह चुकीं कांति पिछली बार निर्दलीय मैदान में उतरी थीं। पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद की शिक्षक कोटे की सीट पर भी प्रत्याशी बदला है। इस बार अवधेश यादव की जगह एडेड कॉलेज के शिक्षक कमलेश यादव को टिकट दिया गया है।

तीन सीटों पर पुराने चेहरे
जीती सीटों पर पार्टी ने मौजूदा चेहरों पर फिर दांव लगाया है। वाराणसी-मीरजापुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लाल बिहारी यादव और खंड स्नातक सीट से आशुतोष सिन्हा उम्मीदवार होंगे। वहीं, इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से मौजूदा एमएलसी मान सिंह पर सपा ने फिर भरोसा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *